पेपर लीक और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बिसौली (बदायूं)। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष एड. सुरेंद्र पाल सिंह यादव के नेतृत्व में पेपर लीक, छात्रों की समस्याओं तथा सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सुरेंद्र कुमार को सौंपा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एड. सुरेंद्र पाल सिंह यादव ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक मांगों के समर्थन में आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे जनप्रतिनिधियों के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है और लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन में पूर्व नगर अध्यक्ष काजी शाहनवाज खान, एड. मोहित शर्मा, सूरज पाल गिहार, पूर्व प्रधान सकलेन खान, जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी विनोद यादव, भूपेंद्र दिवाकर, वीरेश प्रजापति, रामवीर सिंह, जयप्रकाश, चंद्रपाल सिंह, श्योराज सिंह, मोहम्मद अनीस फारूकी, ईशपाल सिंह यादव, दीपक भारती, राजेंद्र कुमार, किशनवीर सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
