4:29 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

सहसवान में दुकानदार से ₹15 हजार की ठगी का प्रयास, लोगों ने आरोपी को दबोचा

सहसवान (बदायूं)। सहसवान में एक दुकानदार से ₹15 हजार की ठगी का प्रयास करने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी स्कूटी भी कब्जे में ले ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामला मोहल्ला रुस्तम टोला का है। यहां निवासी इमरान की परचूनी की दुकान है। आरोप है कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की स्कूटी से दुकान पर पहुंचा और करीब ₹4,000 का परचूनी का सामान लेने की बात कही। इसके बाद उसने इमरान से ₹15,000 नकद लेकर एक सुनसान स्थान पर आने को कहा।

इमरान बताए गए स्थान पर रुपये लेकर पहुंचा, जहां आरोपी ने सामान रखने का नाटक किया। उसने सामान ऐसे घर में रख दिया जिसका इमरान से कोई संबंध नहीं था। इसी दौरान आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर मोहल्ले के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम को समझते हुए तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को बरेली निवासी बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है तथा उसकी बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी भी कब्जे में ले ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस