राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस नेता को किया गया नजरबंद, लोकतंत्र की आवाज दबाने का लगाया आरोप
बदायूं।
दिल्ली में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले कांग्रेस नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सेवादल यंग ब्रिगेड, पूर्व जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस बदायूं शफी अहमद को मंगलवार रात करीब 11 बजे उनके आवास पर पुलिस द्वारा नजरबंद कर दिया गया।
बताया गया कि शफी अहमद के नेतृत्व में सेवादल और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस प्रशासन ने उन्हें तथा अन्य नेताओं को घर पर ही रोक दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए शफी अहमद ने कहा कि यदि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना और अपनी आवाज उठाना अपराध माना जा रहा है, तो यह लोकतंत्र और संविधान की मूल भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में आवाज उठाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है।
शफी अहमद ने कहा, “कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बब्बर शेर है। हम कांग्रेस पार्टी के सिपाही हैं, पीछे हटने वाले नहीं हैं। हम गांधी जी की विचारधारा के लोग हैं। जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता रहेगा।”
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
