।
बदांयू 22 जुलाई।
दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बाद बुधवार को बदायूं में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सुबह से ही उनके घर पर पुलिस तैनात कर दी गई थी।
दरअसल मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया और जिलों में विपक्षी नेताओं की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाने लगी।
इसी क्रम में बदायूं पुलिस ने आशीष यादव को घर से बाहर निकलने से रोक दिया। आशीष यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस मंगलवार रात से ही उनके आवास पर डटी हुई थी। उन्होंने कहा कि पूरी रात न तो उन्हें सोने दिया गया और न ही खाना खाने दिया गया।
आशीष यादव के अनुसार बिना किसी लिखित आदेश के पुलिस उन्हें अपने साथ बैठाए रही और घर से बाहर नहीं निकलने दिया।
वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से एहतियातन की गई है।
दिल्ली में मंगलवार को विपक्ष के प्रदर्शन के बाद यूपी में प्रशासन ने सभी जिलों में विपक्षी नेताओं पर निगरानी बढ़ा दी थी। इसी के तहत बदायूं में सपा जिलाध्यक्ष को उनके आवास तक सीमित कर दिया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
