बदायूं
सहसवान में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा: बिजली घर के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों युवक गंभीर
केशव गुप्ता
सहसवान (बदायूं)। सहसवान कस्बे में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बिजली घर के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार से आ रही थीं। बिजली घर के सामने अचानक आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही डायल 112 और सहसवान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहसवान पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार सुबह हुए इस भीषण हादसे से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली घर के सामने वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने तथा सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
