बदायूं। डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क, जिला चिकित्सालय के निकट पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले प्रशासन से न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवारों का धरना सोमवार को 14वें दिन भी जारी रहा।
धरने को संबोधित करते हुए बरेली मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिनंदन सिंह ने कहा कि “जब संतरी ही चोर हो जाए तो रखवाली कौन करेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस जनता की रक्षा करने के बजाय उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।
जिला उपाध्यक्ष जय किशन लाल शर्मा ने विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कई प्रकरणों में अब तक निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई। इनमें फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, हत्या के मामले में गिरफ्तारी, भूमि कब्जा, राजस्व अभिलेखों में कथित गड़बड़ी, फसल कटवाने और चकरोड विवाद जैसे मामलों का जिक्र किया गया।
धरने का नेतृत्व कर रहे किसान प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रोहिताश सिंह पटेल ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय नहीं मिला और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज करते हुए चक्का जाम किया जाएगा।
धरने में मंच के पदाधिकारी, किसान प्रकोष्ठ के सदस्य तथा विभिन्न मामलों से जुड़े पीड़ित परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
