बदायूं
एक पेड़ माँ के नाम: बदायूँ में 50.20 लाख पौधों के साथ हरित महाअभियान का शुभारंभ, केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने किया वृक्षारोपण महायज्ञ का उद्घाटन
केशव गुप्ता
बदायूँ, 12 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रविवार को बदायूँ में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जनपद में 50 लाख 20 हजार 200 पौधों का रोपण कर हरित उत्तर प्रदेश की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
गंगा एक्सप्रेसवे के 174.3 किलोमीटर स्थित ग्राम वनकोटा के निकट आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री (उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण) बी.एल. वर्मा एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता चौहान ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर तथा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।





इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, नोडल अधिकारी एवं राज्य आयुक्त जीएसटी नितिन बंसल, जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वर्षा बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उसकी देखभाल भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। साथ ही शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में बदायूँ जनपद में भी जनसहभागिता के साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
“पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं — माँ के नाम एक पौधा अवश्य लगाएं।”

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
