बदायूं
इस्लामनगर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 10 चोरी की मोटरसाइकिलों समेत 3 शातिर गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूँ। जनपद बदायूँ की थाना इस्लामनगर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में कई बिना नंबर प्लेट की बाइक भी शामिल हैं, जिनके वास्तविक मालिकों की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिल्सी के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 9/10 जुलाई की रात समदनगर-अलीनगर चौराहे पर पुलिस ने तीन युवकों को तीन मोटरसाइकिलों के साथ रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उनके जवाब संदिग्ध पाए जाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर अल्लाहैपुर-इस्लामनगर मार्ग स्थित एक खंडहर गौशाला से सात और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फूल सिंह उर्फ मोनू निवासी थाना जुनावई, मनवीर निवासी थाना रजपुरा तथा आदित्य निवासी थाना बहजोई, जनपद सम्भल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे और बाद में बेचने की फिराक में थे।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी फूल सिंह उर्फ मोनू और मनवीर के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में इस्लामनगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
