4:57 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल; एक सिपाही भी जख्मी

बदायूं

25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल; एक सिपाही भी जख्मी

केशव गुप्ता

बदायूं। थाना दातागंज पुलिस ने जहरखुरानी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाश की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, बेलाडांडी पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर कार फंस जाने के बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश कार से उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पकड़े गए घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सनी सैनी, निवासी सोरों, जनपद कासगंज बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना दातागंज क्षेत्र में हुई जहरखुरानी की घटना में वांछित था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित को नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और एटीएम कार्ड चोरी किए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, नकदी तथा HR-26-DU-1431 नंबर की कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सनी सैनी के विरुद्ध बदायूं सहित अन्य जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस