12:00 pm Thursday , 1 October 2026
BREAKING NEWS

218 करोड़ की जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा: सपा नेता रचित गुप्ता समेत तीन गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

बदायूं

218 करोड़ की जीएसटी चोरी का बड़ा खुलासा: सपा नेता रचित गुप्ता समेत तीन गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

केशव गुप्ता

बदायूं। समाजवादी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष एवं कारोबारी रचित गुप्ता के बदायूं स्थित आवास और ठिकानों पर जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने करीब 12 घंटे तक मैराथन छापेमारी की। जांच में अवैध रूप से संचालित पान मसाला और गुटखा निर्माण इकाई के जरिए लगभग 218 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया।
कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग ने रचित गुप्ता, मनोज साहू और उमेश को गिरफ्तार कर मेरठ कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में पहले से गौतमबुद्ध नगर में मुकदमा दर्ज है।
बताया गया कि दिल्ली, नोएडा और मेरठ के अधिकारियों की संयुक्त टीम मंगलवार रात बदायूं के दातागंज स्थित आवास और अन्य ठिकानों पर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में टीम ने कंप्यूटर रिकॉर्ड, कर संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की।
जांच में खुलासा हुआ कि रचित गुप्ता के प्रबंधन में 12 एफएफएस (FFS) मशीनों से बिना पंजीकरण और विभाग को सूचना दिए गुटखा पाउच का निर्माण किया जा रहा था। आरोप है कि फरवरी से जून 2026 के बीच इस अवैध कारोबार के जरिए सरकार को करीब 218 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया।
फिलहाल जीएसटी विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा है और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.