3:08 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

दहगवां में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर लाखों की चोरी, नकदी-जेवरात-लैपटॉप उड़ाए।

बदांयू 1 जुलाई।

थाना जरीफनगर क्षेत्र की नगर पंचायत दहगवां के वार्ड नंबर सात में मंगलवार रात चोरों ने सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को निशाना बनाया। परिवार के सोते समय अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुस आए और अलमारी के ताले तोड़कर लाखों की चोरी कर फरार हो गए।

दहगवां निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक सुदर्शन लाल सक्सैना का परिवार मंगलवार रात घर में सो रहा था। इसी दौरान चोर घर के पीछे से अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए। अलमारी से करीब दस हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र का पंखवा, सोने का ओइम, दो सोने की अंगूठी, एक लैपटॉप और एक मोबाइल सहित अन्य कीमती जेवरात व सामान चोरी कर ले गए।

बुधवार सुबह परिवार के सदस्यों की नींद खुली तो कमरे का सामान बिखरा हुआ पाया और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने दहगवां चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस चोरी की वारदात के खुलासे के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द चोरी हुए नकदी और जेवरात की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस