6:02 pm Tuesday , 29 September 2026
BREAKING NEWS

भगवान जगन्नाथ स्वरूप में हुआ महाकाल का भव्य श्रृंगार, उमड़े श्रद्धालु

भगवान जगन्नाथ स्वरूप में हुआ महाकाल का भव्य श्रृंगार, उमड़े श्रद्धालु
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या-5 स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर में सोमवार की रात भगवान महाकाल का आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार भगवान जगन्नाथ जी के स्वरूप में किया गया। श्रृंगार के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत रुद्राभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। भगवान महाकाल का जगन्नाथ स्वरूप में किया गया श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
महाकाल का श्रृंगार करने वाले टीचर कॉलोनी निवासी अशोक कुमार वाष्र्णेय एवं केशव कुमार के परिवार को समिति के पदाधिकारियों ने महाकाल का पटका ओढ़ाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समिति के पदाधिकारियों ने उनके धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग देने की अपेक्षा जताई।
वहीं, नगर के मुख्य बाजार स्थित कुटी मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा भगवान महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल से नगर एवं क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
अंबियापुर बिल्सी से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट….

विज्ञापन एक्सप्रेस