कासगंज में ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश, महिला प्रशिक्षु पायलट घायल।
सिक्स-लेन हाईवे के पास गिरा विमान, प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर।
कासगंज 29 जून ।
उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा पुलिस लाइन के पीछे सिक्स-लेन हाईवे के पास हुआ। दुर्घटना में विमान उड़ा रही महिला प्रशिक्षु पायलट घायल हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेनी एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। गनीमत रही कि विमान आबादी वाले इलाके या हाईवे पर नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल पायलट को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे आगरा रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक पायलट की हालत स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच की जा रही है। तकनीकी खराबी या मानवीय चूक, इसकी पड़ताल DGCA की टीम करेगी।




bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
