4:47 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

कादर चौक में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पांच साल से झेल रही थी प्रताड़ना, एक बेटी की मां थी विनीता।

कादर चौक में विवाहिता की संदिग्ध मौत: पांच साल से झेल रही थी प्रताड़ना, एक बेटी की मां थी विनीता।

पति प्रदीप समेत ससुरालियों पर हत्या का आरोप, मायके पक्ष बोला- बेटी होने के बाद भी नहीं थमा उत्पीड़न।

बदायूं 28 जून 2026।

कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मण नगला में 24 वर्षीय विवाहिता विनीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने दहेज प्रताड़ना के घिनौने सच को फिर उजागर कर दिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के पांच साल बाद भी ससुराल वाले विनीता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। एक बेटी को जन्म देने के बावजूद उसका उत्पीड़न नहीं थमा और अंततः पीट-पीटकर फांसी पर लटकाकर हत्या कर दी गई।

मृतका के पिता प्रेमपाल के अनुसार, उन्होंने अपनी 24 वर्षीय बेटी विनीता की शादी लगभग पांच साल पहले लक्ष्मण नगला निवासी प्रदीप कुमार से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति प्रदीप कुमार समेत ससुराल पक्ष के लोग विनीता को प्रताड़ित करने लगे। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

प्रेमपाल ने बताया कि विनीता ने एक बेटी को जन्म दिया था। उन्हें उम्मीद थी कि नातिन के आने से ससुराल वालों का व्यवहार बदल जाएगा, लेकिन कथित उत्पीड़न का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा। आए दिन तानों और मारपीट से विनीता का जीवन दूभर हो गया था।

शनिवार देर शाम मायके पक्ष को सूचना मिली कि विनीता की मौत हो गई है। जब परिजन लक्ष्मण नगला पहुंचे तो विनीता का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने पहले विनीता को बेरहमी से पीटा और फिर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।

सूचना पर पहुंची कादरचौक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पति प्रदीप कुमार समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस