2:34 pm Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

एक ही रात में दो लूट की वारदातों से दहला बिसौली क्षेत्र, तमंचे के बल पर महिलाओं के जेवर व नकदी लूटी

बदायूं

एक ही रात में दो लूट की वारदातों से दहला बिसौली क्षेत्र, तमंचे के बल पर महिलाओं के जेवर व नकदी लूटी

बदायूं। बिसौली सर्किल क्षेत्र में एक ही रात के भीतर बाइक सवार बदमाशों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों घटनाओं में बदमाशों ने परिवारों को आतंकित कर महिलाओं के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली तथा मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सीकरी के पास हुई। जानकारी के अनुसार संभल जनपद के गांव बलकरनपुर निवासी राजकुमार अपनी पत्नी चंद्रकली और पुत्रवधू प्रियंका के साथ दूनपुर फकावली में आयोजित मेले से अपने नाती के मुंडन संस्कार के बाद बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली। एक बदमाश ने तमंचा निकालकर राजकुमार की कनपटी पर लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने महिलाओं के साथ मारपीट कर पुत्रवधू प्रियंका के गले से सोने की लड़ी, कुंडल तथा पर्स में रखे करीब दो हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
वहीं दूसरी वारदात बिसौली कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर शाह और रतनपुर कोठी के बीच हुई। गांव निजामुद्दीनपुर शाह निवासी नेपाल अपनी मां मोहन्देवी और पत्नी के साथ बाइक से दुंदपुर जा रहे थे। रात करीब 9:45 बजे पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने नेपाल की पत्नी की चांदी की पाजेब, सोने का ओम, मां की पायल, मोबाइल फोन, पर्स में रखे 360 रुपये नकद तथा बाइक की चाबी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
लगातार कुछ घंटों के अंतराल में हुई इन दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित थाना पुलिस टीमों ने जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस