बदायूं
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए बदायूँ पुलिस का बड़ा अभियान, वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर
केशव गुप्ता
बदायूँ। जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग (ARTO) द्वारा सोमवार को संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट अथवा बिना नंबर प्लेट के संचालित वाहनों की सघन जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों के खिलाफ सीज की कार्रवाई भी की गई।
अभियान के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर, ई-रिक्शा, टेंपो एवं अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए, जिससे रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वैध नंबर प्लेट लगाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। वाहन चालक नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करें, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
पुलिस एवं परिवहन विभाग का यह संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
