7:55 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड: 15 छात्रों की जिंदा जलकर मौत, कूदकर बचाई 6 ने जान

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड: 15 छात्रों की जिंदा जलकर मौत, कूदकर बचाई 6 ने जान।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की पुष्टि, CM योगी अलीगढ़ दौरा छोड़कर लौटे, जांच के आदेश।

लखनऊ 22 जून।

राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सेकेंड फ्लोर पर चल रहे थ्रीडी एनीमेशन कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से 15 छात्रों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना की पुष्टि खुद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने की है। आग की लपटें देख जान बचाने के लिए 8 छात्रों ने इमारत से छलांग लगा दी, जिनमें 6 ने AC का तार पकड़कर और 2 सीधे नीचे कूदकर जान बचाई। सभी गंभीर रूप से घायल हैं।


जानकारी के अनुसार, जिस बिल्डिंग में हादसा हुआ उसके ग्राउंड फ्लोर पर पेट हाउस, फर्स्ट फ्लोर पर वेयर हाउस और सेकेंड फ्लोर पर कोचिंग सेंटर चल रहा था। आग की शुरुआत फर्स्ट फ्लोर के वेयर हाउस में हुई। बताया जा रहा है कि प्लाई के सामान में लगी आग चंद मिनटों में ही सेकेंड फ्लोर पर बने कोचिंग सेंटर तक पहुंच गई। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।

हादसे के वक्त कोचिंग सेंटर में 20 से 22 छात्र मौजूद थे। आग लगते ही दो छात्र सीढ़ियों से नीचे उतर आए। 6 छात्रों ने कांच तोड़कर AC का तार पकड़ा और नीचे कूद गए। दो छात्र जान बचाने के लिए सीधे ऊपर से कूद पड़े। बाकी छात्र अंदर ही फंस गए। सूत्रों के अनुसार 17-18 छात्रों की मौत की आशंका है, हालांकि डिप्टी सीएम ने 15 मौतों की ही पुष्टि की है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ का दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ वापसी की और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी एलान किया है।

आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए पास के भवन की दीवार तक तोड़नी पड़ी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शवों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

हादसे के बाद कोचिंग सेंटर के बाहर परिजनों की भीड़ जमा हो गई। अपनों की सलामती के लिए रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल था। कुछ छात्र जान बचाने के लिए बाथरूम में छिप गए थे, जिन्होंने बाद में आपबीती सुनाई।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।

विज्ञापन एक्सप्रेस