कुंवरगांव में गर्मी का सितम: पारा 40 पार, रात में भी नहीं मिल रही राहत
कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदायूं । नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 32 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दिनभर चल रही गर्म हवाओं और उमस भरी रातों के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिन के समय तेज धूप और लू जैसे हालात बने रहने से लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर 12 बजे के बाद बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई देता है। गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रात में भी गर्मी का असर कम नहीं हो रहा है। उमस के चलते लोगों की नींद प्रभावित हो रही है और कूलर-पंखे भी पर्याप्त राहत नहीं दे पा रहे हैं। घरों की छतें और कमरे देर रात तक गर्म बने रहने से लोगों को बेचैनी का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, सूती कपड़े पहनने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और छाछ का सेवन करने की सलाह दी है।
वहीं, गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। नगर समेत क्षेत्र भर
में अघोषित बिजली कटौती की शिकायतें मिल रही हैं,अघोषित बिजली कटौती से घरेलू उपकरण पंखा,कूलर तथा फ्रीज इत्यादि केवल शोपीस का सामान मात्र बन जाते हैं।अघोषित बिजली कटौती से लोगों को दिन के साथ ही साथ रात के
समय भी गर्मी से जूझना पड़ रहा है।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com







