20 वर्षीय युवक की हार्टअटैक से मौत, परिवार में मचा कोहराम
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या-5 निवासी 20 वर्षीय युवक की हार्टअटैक से मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। युवक की असमय मौत की खबर से नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला संख्या-5 निवासी स्वर्गीय सनिल माहेश्वरी के सबसे छोटे पुत्र हर्षित माहेश्वरी की बृहस्पतिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन पहले उसे नगर के एक निजी चिकित्सक के पास उपचार के लिए ले गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सहसवान स्थित चिकित्सक के यहां दिखाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया। परिजन हर्षित को उपचार के लिए दिल्ली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई तथा उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हर्षित घर का सबसे छोटा सदस्य था और परिवार का बेहद दुलारा माना जाता था। उसकी असमय मौत से मां अलका माहेश्वरी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार शाम कछला घाट पर हर्षित का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में नगर के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और शोक संवेदना व्यक्त की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
