6:13 pm Tuesday , 29 September 2026
BREAKING NEWS

बालाजी भक्ति धाम में हुआ भव्य श्रृंगार, श्रद्धालुओं ने बांटा शरबत

बिल्सी। नगर के तहसील मोड़ स्थित श्री बालाजी भक्ति धाम में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। जेष्ठ माह के सातवें मंगलवार के अवसर पर श्री बालाजी भक्त मंडली के तत्वावधान में भगवान बालाजी महाराज का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें भक्त भगवान बालाजी की भक्ति में सराबोर नजर आए।
दोपहर के समय भीषण गर्मी को देखते हुए भक्त मंडली की ओर से मंदिर परिसर के बाहर सेवा कार्य के तहत शरबत वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर राहगीरों और श्रद्धालुओं को ठंडा शरबत पिलाया। बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण कर सेवा कार्य की सराहना की।
भक्त मंडली के सदस्यों ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज सेवा की भावना को भी बढ़ावा देना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्त मंडली के सदस्य मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस