बदायूं
बिजली बिलों पर 10% ईंधन अधिभार के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, बढ़ोतरी वापस लेने की मांग
केशव गुप्ता
बदायूँ। बिजली बिलों में प्रस्तावित 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाए जाने के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर व्यापारियों ने विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन के नाम अधीक्षण अभियंता को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि पहले से ही उपभोक्ताओं पर फिक्स चार्ज और मिनिमम चार्ज का अतिरिक्त बोझ है, ऐसे में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाना उद्योग, व्यापार और आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ाने वाला कदम होगा।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से छोटे व्यापारियों, उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रस्तावित अधिभार वापस नहीं लिया गया तो व्यापारिक संगठन व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने विद्युत नियामक आयोग से जनहित में प्रस्तावित बढ़ोतरी को निरस्त करने की मांग की।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
