1:50 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं – गांधी पार्क प्रदर्शनी पर प्रशासन सख्त, सुरक्षा मानकों की जांच के बाद मिलेगी दोबारा अनुमति

बदायूं

बदायूं गांधीपार्क प्रदर्शनी पर प्रशासन सख्त, सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही मिलेगी दोबारा अनुमति

केशव गुप्ता

बदायूं।
गांधीपार्क में संचालित प्रदर्शनी को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के पालन की प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार ने प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण किया और आयोजकों को सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय एवं सीएफओ रामराजा यादव भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार प्रदर्शनी बिना पूर्ण सुरक्षा इंतजामों और आवश्यक अनुमतियों के शुरू कर दी गई थी। पिछले वर्ष इसी प्रदर्शनी में भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ था और कई दुकानें जलकर राख हो गई थीं। इसी को देखते हुए प्रशासन इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
अनियमितताओं की सूचना मिलने पर प्रशासन ने प्रदर्शनी को तत्काल बंद करा दिया था। वर्तमान में यहां 100 से अधिक दुकानें और स्टॉल लगाए गए हैं, लेकिन आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। अधिकारियों ने प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन उपकरण, पानी के ड्रम और बालू की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में आग पर समय रहते काबू पाया जा सके।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर एक विस्तृत संयुक्त रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। सुरक्षा मानकों के पालन का सत्यापन होने के बाद ही प्रदर्शनी को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी मानक पूरे होने के बाद ही प्रदर्शनी आम जनता के लिए खोली जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस