बिल्सी -सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, एमएलसी वागीश पाठक से लगाई गुहार।
बिल्सी बदांयू 10 जून।
बिल्सी तहसील क्षेत्र के बेहटा गुसाई से आलमपुर जाने वाले मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर बुधवार को दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जर्जर और कच्ची सड़क से परेशान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बेहटा गुसाई निवासी अंकित शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की उदासीनता के कारण अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है।
ग्रामीण राम लखन ने कहा कि यह क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है और दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। बरसात के मौसम में सड़क पर भयंकर कीचड़ हो जाती है, जिससे बाइक और साइकिल सवार अक्सर फिसलकर घायल हो जाते हैं। उन्होंने प्रशासन पर लंबे समय से समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

ग्रामीण सुमित गुप्ता ने बताया कि यही मुख्य मार्ग आगे जाकर श्मशान भूमि से जुड़ता है। सड़क कच्ची और जर्जर होने की वजह से अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को कीचड़ और गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लगातार अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने अब समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों का सहारा लिया है। गांव के प्रबुद्ध लोगों ने बदायूं के एमएलसी वागीश पाठक से मुलाकात कर सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर जल्द कराने की मांग की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके हस्तक्षेप से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
