बदायूं
अवैध खनन पर ढिलाई पड़ी भारी: समरेर चौकी इंचार्ज अविनाश पुंडीर लाइन हाजिर, एसएसपी की सख्त कार्रवाई
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद में अवैध खनन और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। दातागंज कोतवाली क्षेत्र की समरेर पुलिस चौकी के प्रभारी अविनाश पुंडीर को कार्यों में लापरवाही, क्षेत्रीय शिकायतों के प्रति उदासीन रवैया तथा अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, समरेर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर शिकायतें लगातार उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही थीं। आरोप है कि चौकी प्रभारी की ओर से इन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद होते गए। मामला तब और गंभीर हो गया जब करीब दस दिन पूर्व समरेर पुलिस चौकी के निकट ही खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन को मौके पर पकड़कर सीज कर दिया था।
सूत्रों का कहना है कि इस घटना के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिलती रहीं। साथ ही चौकी प्रभारी का कार्य व्यवहार और अन्य पुलिसिंग गतिविधियों में प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं पाया गया। शिकायतों और रिपोर्टों की समीक्षा के बाद एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए अविनाश पुंडीर को बृहस्पतिवार शाम लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, एसएसपी के इस सख्त फैसले से जिले के अन्य थाना एवं चौकी प्रभारियों को भी स्पष्ट संदेश गया है कि लापरवाही और अवैध गतिविधियों के प्रति नरमी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
