कबूतर मारने का विरोध किया तो महिला का गला दबाया, दरोगा ने थाने से भगाया।
पीड़िता ने SSP बदायूँ से लगाई न्याय की गुहार, दबंगों पर कार्रवाई की मांग
सहसवान बदांयू 30 मई।
सहसवान थाना क्षेत्र के ग्राम परसोना में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। घर में पाले गए कबूतरों को मारने का विरोध करने पर महिला से मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। थाने पहुंची पीड़िता को दरोगा ने गाली देकर भगा दिया। अब पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम परसोना निवासी अम्बरवती पत्नी मोरपाल ने SSP को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह घर पर कबूतर पालती हैं। गाँव के ही धर्म सिंह पुत्र उमराय, राधे पुत्र जगदीश और गोविन्द पुत्र छत्रपाल अक्सर छत के रास्ते घर में आकर कबूतर चोरी कर लेते हैं और मार देते हैं।
घटना 29 मई की सुबह 8 बजे की है। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने घर में घुसकर कबूतरों की गर्दन मरोड़कर मार दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला से गाली गलौज की और गला दबा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पीड़िता को बचाया। आरोपियों ने धमकी दी और फरार हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह रिपोर्ट लिखाने सहसवान थाने गई तो दरोगा रोहित ने उसे गाली देकर भगा दिया। दरोगा ने कहा कि “तू बार बार रिपोर्ट लिखाने आ जाती है, तू खुद ही कबूतरों को मारती है”।
स्थानीय पुलिस से मदद न मिलने पर मजबूर होकर पीड़िता ने 30 मई को SSP बदायूँ को पत्र सौंपा है। पत्र में पीड़िता ने FIR दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार की महिलाओं का कहना है बीती रात घर आई पुलिस ने भी हमारे साथ अभद्रता की।पीड़िता ने आरोपियों को हेकड़, दबंग और झगड़ालू किस्म का बताया है।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
