6:44 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक होर्डिंग्स लगाने का आरोप, सपा नेताओं ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

बदायूं

अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक होर्डिंग्स लगाने का आरोप, सपा नेताओं ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

बदायूं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए कथित आपत्तिजनक होर्डिंग्स और पोस्टरों को लेकर सपा नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित तरीके से अखिलेश यादव की तस्वीर लगाकर उनके खिलाफ अभद्र, झूठे और अपमानजनक आरोपों वाले पोस्टर शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं। सपा नेताओं का कहना है कि यह कृत्य न केवल एक राजनीतिक व्यक्ति की छवि खराब करने का प्रयास है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और जिले का माहौल बिगाड़ने की साजिश भी प्रतीत होती है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला पंचायत गेट, बेला फॉर्म चौराहा, अंबेडकर पार्क, दातागंज रोड, बड़ी ज्यारत और शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में रोष व्याप्त है।
सपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पोस्टर लगाने वाले अज्ञात लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
सपा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा पैदा हो सकता है। पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस