7:32 pm Thursday , 1 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूँ पुलिस की दंगा नियंत्रण ड्रिल, आपात हालात से निपटने का कराया गया रिहर्सल

बदायूं

बदायूँ पुलिस की दंगा नियंत्रण ड्रिल, आपात हालात से निपटने का कराया गया रिहर्सल

बदायूँ। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में व्यापक दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में कराया गया।
ड्रिल के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बलवाइयों, अराजक तत्वों तथा उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के विभिन्न तरीकों का पूर्वाभ्यास किया। क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस बल को यह बताया गया कि दंगे या हिंसक प्रदर्शन की स्थिति में किस प्रकार संयम और रणनीति के साथ हालात पर काबू पाया जाए।
मॉक ड्रिल में पुलिसकर्मियों ने ही दंगाइयों और पुलिस दोनों की भूमिका निभाई। इस दौरान भीड़ को लाउडस्पीकर के माध्यम से समझाने, चेतावनी देने, आंसू गैस के गोले छोड़ने, रबर बुलेट और हैंड ग्रेनेड के इस्तेमाल सहित वाटर कैनन से भीड़ को तितर-बितर करने का प्रदर्शन किया गया। पुलिस टीमों ने पथराव से बचाव करते हुए दंगाइयों को खदेड़ने और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास किया।
अभ्यास के लिए पुलिस बल को अलग-अलग टीमों में विभाजित किया गया, जिनमें अभिसूचना इकाई, सिविल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, अग्निशमन दल, लाठी पार्टी, फायरिंग पार्टी, अश्रु गैस पार्टी और रिजर्व पार्टी शामिल रहीं। सभी को उनके दायित्वों के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की बलवा मॉक ड्रिल पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करती है और किसी भी विषम परिस्थिति में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है।
ड्रिल के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, समस्त थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.