बदायूं
बदायूं में पुलिस मुठभेड़: कच्छा-बनियान गैंग के 5 बदमाश गिरफ्तार, 35 हजार नकद और लूट का माल बरामद
बदायूं। थाना इस्लामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम सिठौली और कस्बा इस्लामनगर में हुई डकैती और लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 25/26 मई की रात मुखबिर की सूचना पर इस्लामनगर-चंदौसी मार्ग स्थित बरई पुल के पास जंगल में घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनोज, किशनपाल और भूरे उर्फ भूरा के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों दीपक गोस्वामी और ओमवीर को कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 3 तमंचे, कारतूस, 35 हजार रुपये नकद और लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर रात में कच्छा-बनियान पहनकर घरों में घुसकर डकैती व लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने घटना के सफल अनावरण पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की
केशव गुप्ता

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
