बदायूं
बदायूं में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: इस्लामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 बदमाश गोली लगने से घायल, 5 गिरफ्तार
बदायूं में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब इस्लामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बरिया पुल के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर इस्लामनगर थाना पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया था। इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों — मनोज, किशनपाल और भूरे — के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाशों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार होने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कॉम्बिंग अभियान चलाया और दोनों आरोपियों दीपक और ओमवीर को भी दबोच लिया।
चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार गैंग बीते 19 और 20 मई की रात को सिठौली गांव और इस्लामनगर कस्बे में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल था। आरोपी संभल और हापुड़ जिलों से आकर खेतों के रास्ते गांवों में दाखिल होते थे और सुनसान घरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी को अंजाम देते थे।
हथियार, जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे, खोखा कारतूस, चोरी के जेवरात और भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस अन्य घटनाओं की कड़ियां भी जोड़ रही है।
पुलिस टीम को मिला इनाम
घटना का सफल अनावरण करने और बदमाशों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाली इस्लामनगर पुलिस टीम को अधिकारियों ने 25 हजार रुपये के नकद इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और गैंग से जुड़े अन्य साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।


केशव गुप्ता

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
