श्री सिद्धपीठ पशुपति धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम नूरपुर पिनौनी स्थित श्री सिद्धपीठ पशुपति धाम मंदिर पर सोमवार की सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे तथा “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा। मंदिर में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन कर अपने जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मंदिर के सेवादार राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जो भी श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ यहां पूजा-अर्चना करने आता है, भगवान भोलेनाथ उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं। उन्होंने बताया कि इस मंदिर की क्षेत्र में विशेष मान्यता है और प्रत्येक सोमवार को यहां दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
