बिल्सी में BJP नेता पर जानलेवा हमला: आटा मिल में घुसकर युवक ने नगराध्यक्ष के सिर पर मारी रॉड, हालत गंभीर।
कहासुनी के बाद अचानक बरपाया कहर, आरोपी फरार, पुलिस बोली – तहरीर मिलते ही होगी कार्रवाई।
बिल्सी, बदायूं 25 मई।
बिल्सी कस्बा में रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब BJP के नगराध्यक्ष आदित्य माहेश्वरी पर जानलेवा हमला हो गया। मोहल्ला संख्या 6 निवासी आदित्य माहेश्वरी अपनी आटा मिल पर मौजूद थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही एक युवक वहां पहुंचा।
कहासुनी के बाद खूनी खेल
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई। अचानक युवक ने लोहे की रॉड उठाई और आदित्य माहेश्वरी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
जिला अस्पताल में कराया मेडिकोलीगल
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नगराध्यक्ष को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। देर रात उनका मेडिकोलीगल कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
वजह अभी रहस्य
हमले के पीछे की असली वजह क्या है, यह साफ नहीं हो पाई है। न तो पीड़ित पक्ष और न ही पुलिस अभी कुछ बता रही है। इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
SHO बोले – तहरीर का इंतजार
बिल्सी SHO मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सवाल बरकरार-
जब कस्बे के जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम आदमी का क्या होगा? पुलिस हमलावर को कब तक पकड़ पाएगी?



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
