11:24 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

कार सवार वाहन छोड़कर फरार, अपाचे बाइक के उड़े परखच्चे

हाइवे पर स्विफ्ट डिजायर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर
कार सवार वाहन छोड़कर फरार, अपाचे बाइक के उड़े परखच्चे
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर थाना क्षेत्र के दिधौनी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने अपाचे बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार के अगले पहिए का टायर भी फट गया। गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद कार सवार तीन युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरी निवासी जितेंद्र पुत्र राधेश्याम हाइवे पर स्थित मालपानी भट्टे पर ईंट पाथने का काम करता है। वह रोज की तरह शुक्रवार रात करीब एक बजे अपने गांव से भट्टे पर जाने के लिए अपाचे बाइक से निकला था। जैसे ही वह दिधौनी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क से उछलकर खाई में जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार का अगला टायर फट गया और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार तीन युवक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि पुलिस फरार कार सवार युवकों की तलाश में जुटी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस