3:29 am Friday , 9 October 2026
BREAKING NEWS

नाबालिग किशोरी के अपहरण में पुलिस पर लापरवाही के आरोप, एसएसपी से लगाई गुहार

नाबालिग किशोरी के अपहरण में पुलिस पर लापरवाही के आरोप, एसएसपी से लगाई गुहार

मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नहीं हुई बरामदगी, परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । थाना क्षेत्र के गांव बनेई निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के कथित अपहरण मामले में थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के कई दिन बाद भी न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही किशोरी की बरामदगी के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
पीड़िता की मां द्वारा बुधवार को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, उसकी 14 वर्षीय पुत्री को गांव का ही एक युवक 17 मई की रात करीब तीन बजे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला का आरोप है कि युवक को इस घटना में उसके पिता का भी सहयोग मिला।
महिला का कहना है कि थाना पुलिस ने मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन अब तक पॉक्सो एक्ट की धाराएं नहीं बढ़ाई गई हैं। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस गंभीरता नहीं दिखा रही है।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों के प्रति नरम रवैया अपनाए हुए है और उसकी पुत्री की बरामदगी में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रही।
शिकायती पत्र में महिला ने आशंका जताई है कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ कोई अनहोनी हो सकती है अथवा उस पर दबाव बनाकर बयान बदलवाए जा सकते हैं। महिला ने एसएसपी से मांग की है कि मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई जाएं, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो, किशोरी को सकुशल बरामद किया जाए तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कोशिक ने बताया कि किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही उसे बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.