2:07 am Friday , 2 October 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में गूंजा,जय परशुराम’ का जयघोष, दिव्य झांकियों ने भक्ति में सराबोर किया नगर

बिसौली (बदायूं)।
भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर बिसौली नगर बुधवार को भक्तिरस और सनातन आस्था के रंग में रंग गया। दबतोरी रोड स्थित ब्रह्मकुंज धर्मशाला से भगवान परशुराम की भव्य और भक्तिमय शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। जय परशुराम के गगनभेदी उद्घोषों के बीच शुरू हुई इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में भगवान श्री परशुराम, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, हनुमान जी महाराज, भगवान शिव, खाटूश्याम जी और सप्तऋषियों सहित 24 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। विशेष रूप से भोलेनाथ की तीन मंजिला झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। राधा-कृष्ण के स्वरूप में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं भजनों की धुन पर महिलाओं का श्रद्धामय नृत्य पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहा।
काली अखाड़े के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कांच के टुकड़ों पर काली स्वरूप का नृत्य देखने के लिए मार्गों पर भारी भीड़ उमड़ी रही। शोभायात्रा दबतोरी रोड से प्रारंभ होकर पिंदारा रोड, पुलिस चौकी, बुध बाजार, मोहल्ला साहूकारा, बीच का कुआं, भगत जी की दुकान, पंजाबी मंदिर, रोडवेज बस स्टैंड और तहसील कॉलोनी होते हुए सम्पन्न हुई।


यात्रा में ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुटता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता शरदेंदु पाठक रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में माधव मिश्रा,बनवारी लाल पाठक,हरिओम पाराशरी,अमित पाठक, केके उपाध्याय,अनुपम पाठक,अमन मयंक शर्मा, प्रभाकर शर्मा लिट्टे, विनीत शर्मा, विपनेश मिश्रा, सुशील श्याम सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण बंधु मौजूद रहे।
पूरे नगर में घंटों तक भक्ति, उत्साह और सनातन संस्कृति की अलौकिक छटा बिखरी रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.