4:33 am Sunday , 16 August 2026
BREAKING NEWS

उसावा में बंदरों का खूनी आतंक – बुजुर्ग महिला पर झुंड का हमला, नाक-कान समेत कई जगह गंभीर जख्म

बदायूं

उसावा में बंदरों का खूनी आतंक: बुजुर्ग महिला पर झुंड का हमला, नाक-कान समेत कई जगह गंभीर जख्म

बदायूं जिले की नगर पंचायत उसावा में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार शाम वार्ड नंबर 2 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बंदरों के झुंड ने घर में अकेली मौजूद एक बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला बोल दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 2 निवासी सीता देवी शाम करीब 6 बजे अपने घर पर घरेलू कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान बंदरों का एक झुंड घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। बंदरों ने महिला को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उनके नाक, कान और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हो गए।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को भगाकर घायल महिला को बचाया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत उसावा स्थित निजी अस्पताल प्रकाश क्लिनिक लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें आठ टांके लगाए गए हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत उसावा में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
पूरा मामला उसावा थाना क्षेत्र की नगर पंचायत उसावा का बताया जा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस