9:49 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

सहारनपुर – दूल्हे ने ठुकराए ढाई लाख, 1 रुपये-नारियल में ब्याही दुल्हन; शादी बनी मिसाल

UP: दूल्हे ने ठुकराए ढाई लाख, 1 रुपये-नारियल में ब्याही दुल्हन; सहारनपुर की शादी बनी मिसाल ।

सहारनपुर 7 मई।

दहेज के लिए बारात लौटाने की खबरों के बीच सहारनपुर के नकुड़ से एक ऐसी शादी सामने आई जिसने समाज को आईना दिखा दिया। गंगोह के चमनपुरा गांव से आई बरात के दूल्हे शिवा सैनी ने स्टेज पर ही ढाई लाख रुपये का शगुन लौटाकर सिर्फ एक रुपया और नारियल लिया। बोले, “बेटी अनमोल है, उसे बेचा नहीं जाता।”

लद्देबांस गांव में मीनाक्षी सैनी की शादी थी। जयमाला के बाद जब वधु पक्ष ने दूल्हे को ढाई लाख का लिफाफा दिया तो शिवा ने हाथ जोड़कर मना कर दिया। कहा, “मैं दहेज नहीं, आपका आशीर्वाद लेने आया हूं।”

रिश्तेदारों के लाख मनाने पर भी शिवा नहीं माने। परंपरा निभाने के लिए सिर्फ एक रुपये का सिक्का और नारियल स्वीकार किया। पूरा बैंक्वेट हॉल तालियों से गूंज उठा।

समारोह में मौजूद सांसद इकरा हसन और विधायक आशु मलिक ने मंच पर ही दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। बोले, “युवा बदलेंगे तो समाज बदलेगा। शिवा जैसे लड़के ही दहेज जैसी कुरीति को खत्म करेंगे।”

दूल्हा शिवा सैनी पेशे से किसान है। उसके इस फैसले के बाद गांव में चर्चा है कि “असली हीरो वही जो स्टेज पर नोट नहीं, नैतिकता गिनाए।”

दहेज में 10 लाख न मिलने पर बरात लौटाने की खबरों के दौर में सहारनपुर की इस शादी ने साबित कर दिया कि बदलाव की शुरुआत एक इनकार से भी हो सकती है।

दहेज के लिए बरात लौटाने, मारपीट और शादियां टूटने की खबरों के बीच ये शादी उम्मीद की किरण है। जब संभल में 50 हजार के लिए बरात लौटा दी गई, तब शिवा ने ढाई लाख ठुकराकर नई लकीर खींच दी।

विज्ञापन एक्सप्रेस