11:14 pm Thursday , 13 August 2026
BREAKING NEWS

फेसबुक स्टेटस से भड़की सियासी रार, दुगरैय्या में दो गुटों में मारपीट

– जिला पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच समर्थकों में टकराव

– दोनों पक्षों ने दी तहरीर – रातभर हवालात में रहे युवक, सुबह पुलिस ने कराया समझौता

 

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव दुगरैय्या में जिला पंचायत चुनाव की सरगर्मी अब आपसी टकराव में बदलने लगी है। वार्ड नंबर-6 से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दो संभावित प्रत्याशियों के समर्थक फेसबुक स्टेटस पर तानाकशी को लेकर आमने-सामने आ गए। बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देने लगे। पुलिस ने एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के पांच युवकों को रातभर हवालात में रखा, लेकिन सुबह कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।

 

थाना क्षेत्र के दुगरैय्या गांव के दो लोग वार्ड नंबर-6 से जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। चुनाव को लेकर दोनों गुटों के समर्थक सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर तंज कसते रहते हैं, जिससे गांव में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। बुधवार रात दिलदार पुत्र जाहिद ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह रात करीब नौ बजे घर से चाचा के यहां जा रहा था। इसी दौरान संभावित प्रत्याशी चांद मियां और उनके भाइयों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई, जिसमें उसके बेटे को भी चोटें आईं। शोर-शराबा होने पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कराया। वहीं दूसरे पक्ष से चांद मियां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका बेटा अमन मियां नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान दिलदार और उसके साथियों ने घात लगाकर हमला कर दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। ग्रामीणों के पहुंचने पर हमलावर मौके से भाग गए। दोनों पक्ष रात में ही थाने पहुंच गए और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के पांच युवकों को हवालात में बंद कर दिया, जहां सभी रातभर रहे। गुरुवार सुबह दोनों पक्षों के लोग फिर थाने पहुंचे और काफी देर तक जमावड़ा लगा रहा। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों में समझौता कराकर मामला शांत करा दिया। गांव के लोगों का कहना है कि चुनावी माहौल में सोशल मीडिया पर लगातार तंज और आरोप-प्रत्यारोप के कारण गांव का माहौल बिगड़ता जा रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि पुलिस यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाती है तो भविष्य में कोई बड़ा विवाद हो सकता है।

 

 

विज्ञापन एक्सप्रेस