बदायूं।
पावन रंगभरी एकादशी के अवसर पर श्री रघुनाथ जी मंदिर (पंजाबी मंदिर) में भव्य हरिनाम संकीर्तन एवं फूलों की होली का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भगवान के श्रीचरणों में अपनी आस्था अर्पित की।
संकीर्तन के दौरान भक्तजन भजन-कीर्तन में भावविभोर होकर प्रभु नाम का गुणगान करते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के साथ पुष्पों की होली खेलते हुए रंगभरी एकादशी पर्व की आध्यात्मिक परंपरा का आनंद लिया।
इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने भगवान के प्रति प्रेम, समर्पण एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए परिवार सहित संकीर्तन में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विधिवत शयन आरती संपन्न हुई तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन श्री सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में संपन्न हुआ। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।







bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

