1:56 am Wednesday , 30 September 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी। सुदामा चरित्र से दिया समानता और सच्ची मित्रता का संदेश

वनबेहटा गांव में संपन्न हुई भागवत कथा, आज होगा भंडारा
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव वनबेहटा स्थित शिवमंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का बृहस्पतिवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन कथावाचक यतेंद्र ठाकुर महाराज ने सुदामा चरित्र का मार्मिक वर्णन करते हुए मित्रता, समानता और समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सच्चा मित्र वही होता है जो विपत्ति में साथ खड़ा रहे और अपने मित्र को स्वयं से नीचे नहीं बल्कि समकक्ष स्थान देने का प्रयास करे। मित्रता का आधार स्वार्थ नहीं, बल्कि सहयोग और त्याग होना चाहिए। महाराज जी ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे श्रीमद्भागवत के उपदेशों को अपने जीवन में उतारें, तभी कथा श्रवण सार्थक होगा और समाज धर्म की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने बताया कि सात दिनों तक श्रद्धा भाव से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से जीव का उद्धार होता है और कथा का आयोजन कराने वाले भी पुण्य के भागी बनते हैं। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बीच-बीच में भक्तों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और नृत्य कर अपनी भक्ति प्रकट की। शुक्रवार की दोपहर को मंदिर पर विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर उदयभान सिंह, मोनू ठाकुर, ओमवीर सिंह, बाबू सिंह, राजीव सिंह, रनवीर सिंह चौहान, यादराम शाक्य, अरुण सिंह, अर्जुन सिंह, हेमराज शाक्य, मिलाल शाक्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस