9:21 pm Thursday , 1 October 2026
BREAKING NEWS

मासूम को लेकर जा रही महिला ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ी गई, बड़ी घटना टली

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के बनेई गांव में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तीन वर्षीय बच्ची को एक महिला अपने साथ ले जाने लगी। ग्रामीणों की चौकसी के चलते बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

बताया जाता है कि रात करीब 10 बजे गांव निवासी परवेज की तीन साल की बेटी घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और बच्ची को गोद में उठाकर तेजी से गली की ओर बढ़ने लगी। महिला की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया। कुछ ही दूरी पर ग्रामीणों ने महिला को रोककर बच्ची को अपने कब्जे में ले लिया।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम ममता निवासी सिविल लाइन, बदायूं बताया। पुलिस टीम द्वारा बताए गए पते पर सत्यापन किया गया, जहां उसके परिजनों ने महिला की पहचान की। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और कई बार घर से भटक जाती है।

 

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं बच्ची को सकुशल परिवार को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.