10:13 am Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में पहले नलकूपों पर वारदात, एक दिन बाद मंदिर बना निशाना

 

कुंवरगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। पहले किसानों के नलकूपों को निशाना बनाया गया और उसके अगले ही दिन मंदिर में चोरी की घटना सामने आ गई। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव प्रहलादपुर में मंगलवार रात आधा दर्जन से अधिक किसानों के निजी नलकूपों पर चोरों ने धावा बोल दिया। कुछ स्थानों पर नकब लगाकर तो कहीं ताले तोड़कर बैटरी, स्टार्टर, केबिल, पाइप सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इस घटना के एक दिन बाद बुधवार रात गांव हसनपुर में गंगा एक्सप्रेसवे के निकट स्थित एक शनि मंदिर को चोरों ने निशाना बना लिया। मंदिर का ताला तोड़कर करीब दो हजार रुपये की नगदी, पीतल का घंटा और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने ताले टूटे देखे तो मामले की जानकारी पुलिस को दी।
लगातार दो दिन में हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।

 

विज्ञापन एक्सप्रेस