5:36 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब

नगर कुंवरगांव में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कस्बा सहित आसपास का पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया। सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नगर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी, जहां भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

 

महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह हवन-पूजन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

 

नगर के प्राचीन ठाकुर द्वारा मंदिर, शिव मंदिर, ग्राम देवता स्थल, मड़िया बासी मंदिर तथा हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवभक्त गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, भस्म और दूध लेकर मंदिरों में पहुंचने लगे। विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई।

 

मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया, जिससे माहौल पूर्णतः भक्तिमय बना रहा। विशेष रूप से शिव मंदिर और ठाकुर द्वारा परिसर में दोपहर तक भारी भीड़ रही। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे। ग्राम देवता स्थल और मड़िया बासी मंदिर पर भी ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

 

इसके अतिरिक्त कुंवरगांव थाना क्षेत्र में स्थित सोईं आश्रम में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां मथुरा और वृन्दावन से आए कलाकारों द्वारा मनमोहक धार्मिक लीला का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्ति संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया।

 

महाशिवरात्रि का यह पर्व कुंवरगांव में आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां हर वर्ग और हर आयु के लोग भगवान भोलेनाथ की भक्ति में एकजुट दिखाई दिए। पूरे दिन नगर शिवभक्ति में डूबा रहा और देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगांव

विज्ञापन एक्सप्रेस