9:12 pm Tuesday , 11 August 2026
BREAKING NEWS

आलू के खेत में करंट की चपेट में आने से सांड की मौत, शव हटाकर फेंकने का आरोप, पुलिस ने कराया पोस्टमॉर्टम

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम यूसुफनगर में आलू के खेत में लगाए गए करंट युक्त तारों की चपेट में आने से एक सांड की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार तेजपाल यादव पुत्र चंद्रपाल यादव, निवासी ग्राम यूसुफनगर, थाना कुंवरगांव, जनपद बदायूं के आलू के खेत में फसल की रखवाली के लिए करंट वाले तार लगाए गए थे। इन्हीं तारों में फंसकर सांड की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद खेत स्वामी द्वारा मृत सांड को अपने खेत से हटाकर दूर ले जाकर फेंक दिया गया। सांड का शव तेजपाल यादव की फैक्ट्री और सिंगरौरा के बीच स्थित पाकड़ के पास, खेत से लगभग 10 से 20 कदम की दूरी पर पड़ा मिला।

इस घटना की जानकारी पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा को हुई। विकेंद्र शर्मा ने थाना अध्यक्ष राजेश कौशिक को फोन द्वारा पूरे मामले से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सांड को तलाश किया और उसे बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

फिलहाल इस मामले में तहरीर प्राप्त न होने के कारण कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद ग्रामीणों और पशु प्रेमियों में रोष देखा गया। फसलों की सुरक्षा के नाम पर खेतों में करंट लगाना न केवल अवैध है, बल्कि इससे पशुओं और राहगीरों की जान को भी गंभीर खतरा बना रहता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस