नगर पंचायत कुंवरगांव क्षेत्र में आंवला–बदायूं रोड पर लंबे समय से बना जलभराव लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। सड़क पर लगातार पानी भरा रहने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने श्रीमान जिलाधिकारी महोदय, बदायूं से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में बताया गया कि जलभराव के कारण सड़क की स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है और यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। साथ ही सड़क की तत्काल मरम्मत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की मांग की गई।
इस अवसर पर सुखदेव शर्मा एडवोकेट, राष्ट्रीय सचिव समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा एवं सह प्रभारी राजस्थान समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा ने कहा कि जनता की परेशानी पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव की समस्या से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जिसे अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
शिकायत के माध्यम से प्रशासन से उम्मीद जताई गई है कि जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करते हुए आंवला–बदायूं रोड की स्थिति सुधारी जाएगी, ताकि नगर पंचायत कुंवरगांव की जनता को इस लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
