थाना कुंवरगांव क्षेत्र के ग्राम निनमा में अज्ञात चोरों ने एक किसान की रोज़ी-रोटी पर सीधा वार करते हुए घर के आंगन में बंधी हाल ही में ब्याई भैंस चोरी कर ली। पीड़ित किसान संदीप कुमार पुत्र नथ्थूलाल ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, दिनांक 10 दिसंबर 2025 की रात्रि वह अपने परिवार सहित घर में सो रहा था। घर के आंगन में बने कमरे में परिवार की पांच भैंसे बंधी थीं। रात के सन्नाटे में अज्ञात चोर एक भैंस खोलकर ले गए। चोरी गई भैंस करीब 20 दिन पूर्व ही ब्याई थी और प्रतिदिन लगभग 12 लीटर दूध दे रही थी, जो परिवार की आय का मुख्य साधन थी।
घटना के बाद किसान ने आसपास के गांवों व क्षेत्रीय बाजारों में भैंस की काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर वह थाना कुंवरगांव पहुंचा, जहां पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और भैंस की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
