कुंवरगांव। क्षेत्र में निराश्रित पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आवारा सांडों के हमलों से ग्रामीणों की जान खतरे में है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। आए दिन किसी न किसी गांव से सांड के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सालारपुर ब्लॉक के गांव बल्लिया में एक आवारा सांड ने सोमवार को बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया गया कि गांव निवासी रामलली पत्नी केदार (उम्र करीब 60 वर्ष) दोपहर लगभग दो बजे बाग में कंडे बटोरने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक खूंखार सांड वहां पहुंचा और महिला पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें जमीन पर गिराकर कुचल दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया।
घटना के बाद परिजन तत्काल घायल महिला को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में चार-पांच आवारा सांड लंबे समय से घूम रहे हैं, जिन्हें आज तक कहीं भी संरक्षित नहीं कराया गया है। इन सांडों के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी सांड ने गांव के चंद्रपाल पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने पशु चिकित्साधिकारी और ग्राम सचिव से मांग की है कि इन आवारा सांडों को जल्द से जल्द गौशाला में भेजकर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगीकुंवरगाँव
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
