कुंवर गाँव विकास खंड सलारपुर के अंतर्गत गांव वनगवां में गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है, जो स्वच्छ भारत मिशन अभियान की जिम्मेदारियों पर सवाल खड़े कर रहा है। गांव में तैनात सफाई कर्मचारी कथित रूप से घर बैठे वेतन ले रहा है, जबकि गांव में नियमित सफाई नहीं हो रही है। इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान की अनदेखी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां जाम पड़ी हैं, जिससे मच्छरों व अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते डेंगू, मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सफाई कर्मचारी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के चलते ही गांव की यह दुर्दशा बनी हुई है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह सफाई कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गांव में नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को गंदगी और बीमारियों से राहत मिल सके।
रिपोर्ट अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
