कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम बनेई से ग्राम बल्लिया को जाने वाले मार्ग पर स्थित कब्रिस्तान में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सफेद कपड़े में लिपटा एक बच्ची का भ्रूण पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में गहरी नाराजगी व चिंता का माहौल बन गया।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कुछ बच्चे बकरी के बच्चे के शव को दफनाने कब्रिस्तान पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें कपड़े में लिपटा हुआ भ्रूण दिखाई दिया। बच्चे घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना ग्राम बनेई के प्रधान जमशेद पुत्र मुर्तजा अली ने थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक विनोद कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में कब्रिस्तान में लगभग पांच माह की बच्ची का भ्रूण पाया गया।
पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भ्रूण कितने समय से वहां पड़ा था और मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस इस अमानवीय कृत्य के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों से जानकारी एकत्र की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मामला किसी बिन ब्याही मां से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और कानून व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।
वो बोल नहीं सकी…
रो नहीं सकी…
लेकिन उसकी ख़ामोशी बहुत कुछ कह गई।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com

