1:12 am Friday , 14 August 2026
BREAKING NEWS

ठंड व कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित, सराफा बाजार में अलाव की व्यवस्था

नगर कुंवरगांव में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार को धीमा कर दिया है। सुबह और शाम के समय छाए घने कोहरे से ठंड का प्रकोप अधिक महसूस किया जा रहा है।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए सराफा बाजार के व्यापारियों ने आपसी सहयोग से बाजार में अलाव की व्यवस्था की। इस पहल से दुकानदारों, राहगीरों और ग्राहकों के साथ-साथ पशुओं को भी ठंड से राहत मिली। नगर में कई स्थानों पर घुमंतु पशुओं को अलाव के पास खड़े होकर खुद को तपाते हुए देखा गया।

व्यापारियों ने बताया कि ठंड के बावजूद बाजार को नियमित रूप से खोला जा रहा है और ग्राहकों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अलाव जलने से बाजार में खरीदारी करने और बैठने में लोगों को आसानी हो रही है।

स्थानीय लोगों ने सराफा व्यापारियों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी सहयोग का प्रतीक है। बढ़ती ठंड के बीच यह पहल नगर में सकारात्मक संदेश दे रही है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव

विज्ञापन एक्सप्रेस