अज्ञात कॉल के झांसे में आकर युवक से 35 हजार की साइबर ठगी
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिमर्रा भोजपुर निवासी उपदेश कुमार शाक्य साइबर ठगी का शिकार हो गए। अज्ञात कॉलर के झांसे में आकर उन्होंने अपने खाते से 35,323 रुपये गंवा दिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन और कोतवाली पुलिस से की है। उपदेश कुमार शाक्य ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए कुछ जानकारी मांगी। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया, जिसे कॉलर ने एक लिंक पर डालने को कहा। जैसे ही उन्होंने ओटीपी लिंक पर डाला, उनके खाते से तुरंत 35,323 रुपये कट गए। पीड़ित का कहना है कि रुपये कटने से पहले उन्होंने बैंक में एटीएम कार्ड काम न करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी कारण उन्हें लगा कि कॉल बैंक की ओर से ही आई है और उन्होंने कॉलर पर भरोसा कर लिया। घटना के बाद उपदेश कुमार शाक्य ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई, साथ ही कोतवाली पुलिस को भी सूचना दी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com
